मोहम्मद सईद
शहडोल 18 अप्रैल। बोर्ड परीक्षा में टॉप कर विद्यालय के साथ ही जिले को गौरवान्वित करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित करने के लिए अशासकीय ज्ञानोदय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर सभी जिला स्तरीय टॉपर्स को विद्यालय की ओर से स्मृति चिन्ह (मेमेन्टो) प्रदान कर उनकी हौसला अफजाई की गई। साथ ही उनके अभिभावकों का भी सम्मान किया गया। सभी को मिठाई खिलाकर उनका मुंह भी मीठा किया गया। सम्मानित होने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं ने अपनी इस सफलता का श्रेय अपने विद्यालय के शिक्षकों एवं अपने अभिभावकों को दिया। टॉपर्स छात्र-छात्राओं ने इस मौके पर बताया कि हम आगे कलेक्टर, डॉक्टर, इंजीनियर और सी ए बनना चाहते हैं जिससे समाज का भला कर सकें।अभिभावकों ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए प्रसन्नता व्यक्त की और कहा कि बच्चों ने कड़ी मेहनत की है। उन्होंने कहा कि हमने उन्हे किसी प्रकार का दबाव नहीं दिया। हमें गर्व है कि बच्चों के कारण आज हमारा भी सम्मान हो रहा है। अभिभावकों ने स्कूल प्रबंधन और शिक्षकों की मुक्त कंठ से प्रशंसा भी की। इस अवसर पर स्कूल के संचालक अजय सिंह और प्राचार्य श्रीमती रेखा सिंह सहित स्कूल के सभी शिक्षक भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में आगामी सत्र 2026-27 में कक्षा 10वीं एवं 12वीं की परीक्षा देने वाले विद्यार्थियों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। उन्होंने टॉपर्स से मार्गदर्शन प्राप्त किया तथा पढ़ाई से संबंधित विभिन्न प्रश्न पूछकर अपनी शंकाओं का समाधान किया।
इन्हें किया गया सम्मानित
कार्यक्रम के दौरान जिम मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया उनमें माही मिश्रा कक्षा 12वीं (आर्ट्स), 96.60 प्रतिशत (राज्य में 7वीं रैंक), अरायना गुप्ता कक्षा 10वीं, 98 प्रतिशत (राज्य में 10वीं रैंक), जिला स्तरीय टॉपर्स राधिका गुप्ता कक्षा 10वीं, 97.8 प्रतिशत, सर्विका शुक्ला कक्षा 12वीं (मैथ्स), 96.4 प्रतिशत, सरिता राय कक्षा 12वीं (बायोलॉजी), 96.6 प्रतिशत, अभी दास रॉय कक्षा 12वीं (मैथ्स), 95.4 प्रतिशत, नदिया रोशन कक्षा 12वीं (आर्ट्स), 94.8 प्रतिशत, माही मिश्रा – कक्षा 12वीं (कॉमर्स), 94.4 प्रतिशत और रिमझिम मिश्रा कक्षा 12वीं (आर्ट्स), 92.8 प्रतिशत प्रमुख रूप से शामिल हैं।


0 Comments