मोहम्मद सईद
शहडोल 15 अप्रैल। गुणवत्ता युक्त शिक्षा देने में अपनी विशिष्ट पहचान बन चुके जिले के अशासकीय ज्ञानोदय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की छात्राओं ने इस वर्ष भी बोर्ड की परीक्षा में उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। गुरुवार को घोषित बोर्ड परीक्षा के परिणाम में ज्ञानोदय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की दो होनहार छात्राओं ने हाई एवं हायर सेकेंडरी परीक्षा में शानदार प्रदर्शन करते हुए राज्य मेरिट सूची में स्थान प्राप्त किया है। हायर सेकेंडरी परीक्षा परिणाम में कक्षा 12वीं (कला संकाय) में ज्ञानोदय की छात्रा माही मिश्रा ने 96.60 प्रतिशत अंक प्राप्त कर राज्य में 7वां स्थान प्राप्त किया है। माही के पिता रामनयन मिश्रा व्यवसायी हैं व राजनीतिक क्षेत्र से जुड़े हैं। माता श्रीमती प्रीति मिश्रा हैं। माही ने वर्ष 2024 में कक्षा 11वीं में ज्ञानोदय विद्यालय में प्रवेश लिया था और अपने परिश्रम व शिक्षकों के मार्गदर्शन से यह सफलता हासिल की।
इसी तरह ज्ञानोदय की ही कक्षा 10वीं की छात्रा अरायना गुप्ता ने 98 प्रतिशत अंक प्राप्त कर पूरे राज्य में 10वां स्थान हासिल किया है। इनके पिता कन्हैया लाल गुप्ता पिपरिया कॉलरी में कार्यरत हैं तथा माता श्रीमती अंकिता गुप्ता हैं। अरायना ने वर्ष 2024-25 में कक्षा 9वीं में ज्ञानोदय विद्यालय में प्रवेश लिया था और निरंतर मेहनत के बल पर उन्होंने यह उपलब्धि प्राप्त की। ज्ञानोदय विद्यालय के संचालक अजय सिंह, प्राचार्या श्रीमती रेखा सिंह एवं समस्त शिक्षकों ने इस उपलब्धि पर दोनों होनहार छात्राओं को बधाई दी है।
ज्ञानोदय विद्यालय के संचालक अजय सिंह और प्राचार्या श्रीमती रेखा सिंह ने बताया कि विद्यालय के समस्त शिक्षक अपने विद्यार्थियों को आधुनिक शिक्षण पद्धति, नियमित अभ्यास एवं व्यक्तिगत मार्गदर्शन के माध्यम से पढ़ाई में निरंतर सहयोग प्रदान करते हैं। उनका कहना है कि यही कारण है कि विद्यालय के विद्यार्थी वर्ष 2010 से लगातार राज्य एवं जिला स्तर की मेरिट सूची में स्थान प्राप्त कर विद्यालय और जिले का नाम रोशन कर रहे हैं।



0 Comments