मोहम्मद सईद
शहडोल 18 जुलाई। रेलवे मैदान शहडोल और मनेंद्रगढ़ में जल्द ही फ्लड लाइट लगाने का कार्य शुरू होने की उम्मीद है। रेलवे अधिकारियों ने इसके लिए औपचारिक मंजूरी प्रदान कर दी है। फ्लड लाइट स्थापना के लिए आवश्यक सर्वे कार्य भी पूरा कर लिया गया है। यह निर्णय रेलवे की मान्यता प्राप्त संगठन मजदूर कांग्रेस की विशेष मांग पर लिया गया है। फ्लड लाइट लगने के बाद रेलवे मैदान में शाम और रात्रि के समय भी खेल गतिविधियों का संचालन सुचारु रूप से किया जा सकेगा। इससे खिलाड़ियों, खेल प्रेमियों और विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन को नई गति मिलेगी। मजदूर कांग्रेस ने अधिकारियों के इस निर्णय का स्वागत करते हुए कहा कि लंबे समय से उठाई जा रही मांग पूरी होने से कर्मचारियों और खिलाड़ियों को बड़ा लाभ मिलेगा। अब जल्द ही फ्लड लाइट लगाने की प्रक्रिया शुरू होने की उम्मीद है। रेलवे मजदूर कांग्रेस के पदाधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार मंडल पीएनएम बैठक में एजेंडा क्रमांक 29/20 नवंबर 2025 को साउथ ईस्ट सेंट्रल रेलवे मजदूर कांग्रेस के मंडल समन्वयक विजय अग्निहोत्री, जोनल कार्यकारी अध्यक्ष एवं सीआईसी प्रभारी लक्ष्मण राव और अतिरिक्त संयुक्त महामंत्री राजेश खोपारागड़े के नेतृत्व में शहडोल शाखा सचिव बालकृष्ण बंगारी तथा मनेंद्रगढ़ शाखा सचिव खुर्शीद आलम ने इस संबंध में प्रमुखता से मांग उठाई थी। इस पर मंडल रेल प्रबंधक बिलासपुर राकेश रंजन के निर्देश पर वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी बिलासपुर डॉ.अंशुमन मिश्रा ने कार्मिक विभाग के पत्र क्रमांक पीएनएम/ सर्वे/फुटबॉल ग्राउंड/2026/01/372 दिनांक 04 मई 2026 को सर्वे कमेटी गठित कर शहडोल और मनेंद्रगढ़ रेलवे फुटबॉल ग्राउंड में बुनियादी सुविधाओं का उन्नयन करने का निर्देश दिया। वरिष्ठ मंडल विद्युत अभियंता (आर एस एन) बिलासपुर वासू गुप्ता ने भी फ्लड लाइट लगाने के सर्वे के लिए अपनी विभागीय सहमति प्रदान कर प्रस्ताव तैयार करने का निर्देश दिया।


0 Comments