मोहम्मद सईद
बिलासपुर 15 जुलाई। भारतीय जनता पार्टी ने संगठनात्मक विस्तार के तहत भारतीय जनता पार्टी अल्पसंख्यक मोर्चा, छत्तीसगढ़ में पूर्व एल्डरमेन व पूर्व जिला अध्यक्ष सैय्यद मकबूल अली को दुर्ग संभाग का सह-प्रभारी नियुक्त किया है। उनकी नियुक्ति का आदेश भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव की सहमति से प्रदेश महामंत्री एवं मुख्यालय प्रभारी डॉ. नवीन मार्कण्डेय के हस्ताक्षर से जारी किया गया है। यह नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू होगी।
उल्लेखनीय है कि सैय्यद मकबूल अली लंबे समय से भारतीय जनता पार्टी के सक्रिय एवं समर्पित कार्यकर्ता रहे हैं। वे भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के पूर्व जिला अध्यक्ष एवं बिलासपुर नगर निगम के पूर्व एल्डरमेन के रूप में संगठन को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा चुके हैं। चुनावी रणनीति में माहिर सैय्यद मकबूल अली ने विभिन्न विधानसभा, लोकसभा एवं नगरीय निकाय चुनावों में संगठन के लिए प्रभावी रणनीति बनाने, बूथ प्रबंधन, कार्यकर्ताओं के समन्वय और चुनाव संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उनके अनुभव और संगठनात्मक क्षमता को देखते हुए पार्टी नेतृत्व ने उन्हें यह महत्वपूर्ण दायित्व सौंपा है।
राजनीतिक गलियारों में सैय्यद मकबूल अली को पूर्व मंत्री एवं बिलासपुर विधायक अमर अग्रवाल के विश्वसनीय सहयोगियों में गिना जाता है। सैय्यद मकबूल अली को इस महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिलने पर भाजपा के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।

0 Comments