मोहम्मद सईद
शहडोल, 18 मई। रविवार सुबह एक ग्रामीण के घर में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब उन्होंने देखा कि उनके घर से सटे हुए मवेशियों के सार में एक भालू घुसा हुआ है और चहल कदमी कर रहा है। उन्होंने तत्काल इसकी सूचना वन विभाग के एसडीओ को दी। जिसके बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और उसने भालू को रेस्क्यू कर सुरक्षित जंगल में छोड़ दिया। इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार उत्तर वनमण्डल शहडोल अंतर्गत वन परिक्षेत्र अमझोर के गंधिया गांव में हरप्रसाद गुप्ता के घर से लगी सार में जंगली भालू आ गया। परिवार के लोगों ने जब भालू की आहट सुनी तो हड़कंप मच गया। इसके बाद परिवार के लोगों ने इसकी सूचना तत्काल वन विभाग के अधिकारियों को दी।
जयसिंहनगर के एसडीओ (फॉरेस्ट) मुकुल सिंह ठाकुर को जैसे ही इस बात की सूचना मिली, वे तत्काल वन परिक्षेत्र अमझोर की टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। इसके बाद वन विभाग की टीम ने भालू की स्थित का जायजा लिया तो देखा कि उक्त भालू भूसा और कंडे के बीच फंसा हुआ है। टीम ने सूझ बूझ से रेस्क्यू का काम शुरू किया और कुछ ही देर के प्रयास के बाद भालू को भूसा और कंडे के बीच से बाहर निकाल कर आबादी से दूर जंगल की ओर भेज दिया। इस संबंध में जयसिंहनगर के एसडीओ फॉरेस्ट मुकुल सिंह ठाकुर ने बताया कि उन्हें सुबह सूचना मिली थी, कि गंधिया गांव में हर प्रसाद गुप्ता के घर से लगे मवेशियों के सार में एक भालू पहुंच गया है। उन्होंने बताया कि उत्त्तर वनमण्डल अधिकारी तरुणा वर्मा के कुशल नेतृत्व में कार्यवाही कर भालू को सुरक्षित जंगल में छोड़ दिया गया है। उन्होंने यह भी बताया कि इस कार्रवाई में किसी तरह की कोई जनहानि नहीं हुई है। एसडीओ श्री ठाकुर ने ग्रामीणों से अपील की है, कि यदि भटक कर कोई वन्य प्राणी बस्ती की ओर आ जाए तो उसे छेड़े या मारें नहीं बल्कि तत्काल इसकी सूचना वन विभाग को दें, ताकि उस वन्य प्राणी को सुरक्षित जंगल में भेजा जा सके।


0 Comments