मोहम्मद सईद
शहडोल 19 मई। इस समय तेंदूपत्ता तोड़ने का सीजन चल रहा है और बड़ी संख्या में ग्रामीण रोजाना तेंदूपत्ता तोड़ने जा रहे हैं। कुछ इसी तरह ये ग्रामीण भी निकले तो थे, तेंदू पत्ता तोड़ने के लिए। लेकिन शायद उन्हें इस बात का जरा भी एहसास नहीं था कि कुछ ही देर बाद उनके सामने मौत आने वाली है। सोमवार की सुबह अचानक इन ग्रामीणों के सामने हाथी आ गए और उन्होंने इन ग्रामीणों को इस बेरहमी से कुचला की तीन ग्रामीणों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में एक महिला भी है। घटना जिले के अंतिम छोर पर स्थित ब्यौहारी वन परिक्षेत्र की है। इस दर्दनाक घटना पर प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने भी दुःख जताया है और मृतकों के परिजनों को सहायता राशि देने के निर्देश दिए हैं। घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार ब्यौहारी से लगभग 25 किलो मीटर दूर सनौसी ग्राम में कुछ ग्रामीण सुबह तेंदूपत्ता तोड़ रहे थे इनमें उमेश कोल और उसकी पत्नी भी शामिल थे तभी अचानक वहां दो हाथी पहुंच गए और हाथियों ने उमेश कोल उम्र 40 वर्ष निवासी ग्राम सनौसी को कुचल दिया जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। उमेश के साथ उसकी पत्नी भी थी लेकिन हाथियों को देखकर वह एक पेड़ पर चढ़ गई। वह लोगों को जोर-जोर से आवाज लगाकर बुला रही थी, लेकिन जब तक लोग पहुंचते और हो हल्ला करते तब तक उमेश कोल की मौत हो चुकी थी। पेड़ में चढ़े होने के कारण उमेश की पत्नी की जान बच गई तो बच गई लेकिन उसके लिए बड़ी कष्ट की बात यह थी कि उसके पति ने उसके सामने ही दम तोड़ दिया।
दूसरी घटना ब्यौहारी से लगभग 27 किलोमीटर दूर
चरभईया धाम के पास ढोंढा ग्राम की है, जहां हाथियों ने महिला देवगनिया बैगा उम्र 65 वर्ष निवासी ग्राम ढोंढा को कुचल दिया उसे जिससे उसकी भी मौत हो गई। तीसरी घटना ब्यौहारी से लगभग 27 किलोमीटर दूर कोलुहा–घटवा बराछ ग्राम की है जहां हाथियों के हमले में मोहन लाल पटेल उम्र 80 वर्ष निवासी ग्राम बराछ की मौत हो गई। घटना सोमवार सुबह 6 से 8 के बीच की है।
घटना के संबंध में एसडीओ फॉरेस्ट ब्यौहारी रेशम सिंह धुर्वे ने खबरें अभीतक को बताया कि दो हाथी सोमवार सुबह बांधवगढ़ नेशनल पार्क से निकलकर बनास नदी होते हुए संजय गांधी टाइगर रिजर्व दुबरी की ओर जा रहे थे तभी रास्ते में इन हाथियों ने तीन ग्रामीणों को कुचल दिया। एसडीओ श्री धुर्वे ने यह भी बताया कि मृतकों के परिजनों को 50-50 हजार रुपए की सहायता राशि दी जा रही है।
मुख्यमंत्री ने जताया दुःख, दिए जांच के निर्देश
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने ब्यौहारी क्षेत्रांतर्गत तेंदूपत्ता तोड़ने गए ग्रामीणों पर हाथियों के हमले में तीन ग्रामीणों की मृत्यु होने पर गहरा दुख जताया है। ट्विटर हैंडल पर ट्वीट करते हुए मुख्यमंत्री ने वन विभाग को हादसे की जांच करने के निर्देश देने के साथ ही प्रत्येक मृतक के वैध आश्रित परिजन को 25-25 लाख रुपए की सहायता राशि प्रदान करने के निर्देश भी दिए हैं।


0 Comments