Ticker

6/recent/ticker-posts

शहडोल में जिला अध्यक्ष के साथ योग करते नजर आए भाजपा कार्यकर्ता

मोहम्मद सईद

शहडोल, 21 जून। संभागीय मुख्यालय स्थित जिला भाजपा कार्यालय शहडोल में शनिवार सुबह अलग किस्म का नजारा था। भाजपा कार्यालय में शनिवार को बैठक नहीं, बल्कि भाजपा के नेता और कार्यकर्ता एक साथ योग करते नजर आए। 11वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर शहडोल भाजपा जिला अध्यक्ष श्रीमती अमिता चपरा के नेतृत्व में अटल निल जिला भाजपा कार्यक्रम में जयसिंहनगर विधायक श्रीमती मनीषा सिंह, जैतपुर विधायक जयसिंह मरावी के साथ ही भाजपा के कार्यकर्ताओं ने इस अवसर पर योगाभ्यास किया।भाजपा जिला अध्यक्ष श्रीमती अमिता चपरा ने योग अभ्यास में शामिल होने आए कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि योग की साधना से तन, मन और विचारों में एक अद्भुत संतुलन और ऊर्जा का संचार होता है। यह हमारे महान ऋषि-मुनियों की अमूल्य देन है, जिसे आज पूरे विश्व ने अपनाया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में योग आज वैश्विक जन आंदोलन बन चुका है और यह हम सभी भारतीयों के लिए गौरव का विषय है।

योग के लिए करें प्रेरित- मनीषा सिंह

विधायक श्रीमती मनीषा सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि आज के समय में बच्चों के लिए योग बहुत जरूरी हो गया है। पढ़ाई का तनाव, मोबाइल की लत और शारीरिक गतिविधियों की कमी से सेहत बिगड़ रही है। योग बच्चों को एकाग्रता, अनुशासन और ऊर्जा देता है। यह शरीर को लचीला और मन को शांत बनाता है। उन्होंने यह भी कहा कि हम अपने बच्चों को रोजाना 15 मिनट का योग करने के लिए प्रेरित करें। 

तनाव से बाहर निकालने में मददगार-जय सिंह

विधायक जयसिंह मरावी ने कहा कि आज की भाग दौड़ भरी जिंदगी में तनाव हर किसी को है। योग हमें इस तनाव से बाहर निकालने में मदद करता है। ध्यान, प्राणायाम और आसन से मन शांत होता है और नकारात्मक सोच दूर होती है। योग हमें अंदर से मजबूत बनाता है। विधायक श्री मरावी ने यह भी कहा कि योग दिवस पर आइए हम यह संकल्प लें कि हम योग को अपनाकर अपने मानसिक स्वास्थ्य को प्राथमिकता देंगे।कार्यक्रम में प्रमुख रूप से वरिष्ठ भाजपा नेता प्रकाश जगवानी, संतोष लोहानी, मनोज गुप्ता, सुशील शर्मा, शीतल पोद्दार,  अमित मिश्रा, पिंकू शुक्ला, प्रियम त्रिपाठी, रवींद्र वर्मा, होल्कर सिंह, श्रीमती निभा गुप्ता और विनय केवट सहित अन्य कार्यकर्ताओं की प्रमुख सहभागिता रही। योगाभ्यास के उपरांत भाजपा कार्यालय परिसर में पौधरोपण भी किया गया।

Post a Comment

0 Comments