मोहम्मद सईद
शहडोल 14 अगस्त। 15 अगस्त को स्वाधीनता दिवस का मुख्य कार्यक्रम महात्मा गांधी स्टेडियम शहडोल में होगा। इस जिला स्तरीय कार्यक्रम में प्रदेश के उप मुख्यमंत्री एवं शहडोल जिले के प्रभारी मंत्री राजेन्द्र शुक्ल ध्वजारोहण करेंगे और परेड की सलामी लेंगे। उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल 15 अगस्त को प्रातः 08ः55 बजे सर्किट हाउस शहडोल से गांधी स्टेडियम के लिए प्रस्थान करेंगे। प्रातः 9 बजे 79वें स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में ध्वजारोहण करेंगे एवं परेड की सलामी लेंगे तथा अन्य कार्यक्रमों में भाग लेंगे। प्रातः 11 बजे गांधी स्टेडियम से सर्किट हाऊस के लिए प्रस्थान करेंगे। प्रातः 11ः45 बजे सिकल सेल एवं थैलेसीमिआ के उपचार हेतु सांझी रसोई संस्था द्वारा आयोजित रक्तदान शिविर में भाग लेंगे। उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल मध्यान्ह 12 बजे शहडोल से प्रस्थान कर संदीपनि शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय छतवई आएंगे तथा यहां आयोजित तिरंगा यात्रा में सम्मिलित होंगे। संदीपनि विद्यालय में आयोजित सुरूचि भोज में छात्र-छात्राओं के साथ मध्यान्ह भोजन करेंगे। मध्यान्ह 1 बजे छतवई से रीवा के लिए प्रस्थान करेंगे तथा अपरान्ह 4 बजे रीवा पहुंचेंगे।
प्रदेश वासियों को दी शुभकामनाएं
उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने प्रदेश वासियों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दी हैं। उन्होंने कहा कि यह पावन अवसर हमें महान स्वतंत्रता सेनानियों की याद दिलाता है, जिन्होंने अपनी वीरता और अदम्य साहस से, अपने प्राणों की आहुति देकर देश की स्वतंत्रता के लिए लंबा संघर्ष किया। उनके बलिदानों के परिणामस्वरूप हमारा देश स्वतंत्र हुआ। आज का दिन उन सभी अमर शहीदों और वीर सेनानियों के चरणों में नमन करने का दिन है। उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने कहा कि आज हमारा देश आजादी के अमृत काल में प्रवेश कर चुका है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी द्वारा दिया गया स्वदेशी का मंत्र ‘मेक इन इंडिया, वोकल फॉर लोकल’ हम सभी को तेजी से अपनाना होगा। देश आर्थिक महाशक्ति बनने की राह पर है और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों का समृद्ध भारत का संकल्प साकार हो रहा है। प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में देश अपने लक्ष्य के करीब है। उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने कहा कि आजादी के अमृत काल में अधोसंरचना, प्रति व्यक्ति आय, गरीबों के लिए आवास, स्वास्थ्य सुरक्षा सहित अनेक योजनाएं धरातल पर उतर चुकी हैं। भारत आर्थिक रूप से दुनिया में चौथे स्थान पर है और शीघ्र ही जर्मनी को पीछे छोड़कर तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने जा रहा है। वर्ष 2047 में, जब आजादी के 100 वर्ष पूरे होंगे, भारत न केवल आर्थिक महाशक्ति होगा, बल्कि विश्व का नेतृत्व भी करेगा।
उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने प्रदेशवासियों से आह्वान किया है कि वे वोकल फॉर लोकल और मेड इन इंडिया को अपनाएं, स्वदेशी उत्पादों का उपयोग करें तथा ऊर्जा संरक्षण, वृक्षारोपण, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसे क्षेत्रों में सक्रिय योगदान दें। स्वतंत्रता दिवस हमारे संकल्पों को मजबूत करने का दिन है, चाहे हम किसी भी क्षेत्र में हों, हमें देशहित के कार्यों में निरंतर सक्रिय रहना चाहिए।


0 Comments