मोहम्मद सईद
शहडोल, 26 अगस्त। जिला कांग्रेस कमेटी शहडोल के अध्यक्ष अजय अवस्थी दिल्ली में आयोजित बैठक और प्रशिक्षण कार्यक्रम में शामिल होकर मंगलवार को शहडोल पहुंचे। शहडोल में कांग्रेस कार्यकर्ताओं, व्यापारियों और नागरिकों ने उनका ऐसा स्वागत किया कि हर कोई देखता रह गया। भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) द्वारा नवनियुक्त जिला अध्यक्ष अजय अवस्थी के स्वागत में जय स्तंभ से एक स्वागत रैली निकाली गई, जो नगर के प्रमुख मार्गों का भ्रमण करते हुए कांग्रेस भवन पहुंची। रैली का जगह-जगह लोगों ने आत्मीय स्वागत किया। जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय अवस्थी एक खुली जीप में सवार थे और उनके साथ जीप में पुष्पराजगढ़ के विधायक फुन्देलाल सिंह मार्को, निवर्तमान जिला अध्यक्ष सुभाष गुप्ता, नगर पालिका शहडोल के अध्यक्ष घनश्याम दास जायसवाल और पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष नीरज द्विवेदी सहित कई अन्य नेता मौजूद थे। जय स्तंभ से कांग्रेस भवन तक सड़क में आज कांग्रेस कार्यकर्ताओं का हुजूम नजर आया। रैली के आगे जहां उत्साही कार्यकर्ता कांग्रेस पार्टी जिंदाबाद और राहुल गांधी जिंदाबाद के नारे लगाते चल रहे थे, वहीं आदिवासी लोक नर्तक भी नृत्य करते चल रहे थे। कार्यकर्ताओं ने जगह-जगह आतिशबाजी कर और पटाखा फोड़ कर अपनी प्रसन्नता जाहिर की।
कार्यकर्ताओं के सम्मान में खड़ा मिलूंगा-अजय
कांग्रेस भवन में आयोजित स्वागत कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय अवस्थी ने कहा की मैं आपके सुझाव से अध्यक्ष बना हूं। इसलिए आप सभी के प्रति मैं हृदय से आभारी हूं। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि 2028 के लक्ष्य को ध्यान में रख कर अब आर या पार की लड़ाई लड़नी होगी। जिला अध्यक्ष श्री अवस्थी ने कहा कि हम सभी को एक जुट होकर संगठन के लिए काम करना है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को भरोसा दिलाया कि आपके हर संघर्ष और सम्मान के लिए संगठन हमेशा खड़ा मिलेगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से यह भी कहा कि हमें यह चरितार्थ करके दिखाना है, कि शहडोल जिले के कार्यकर्ता बब्बर शेर हैं। श्री अवस्थी ने यह भी कहा कि हमारा सामना भाजपा जैसी एक ऐसी पार्टी से है, जो संप्रभुता और संविधान को नहीं मानती। उन्होंने यह भी कहा कि हमें इस बात का गर्व है, कि संविधान की रक्षा की लड़ाई लड़ने वाले हमारे नेता राहुल जी के हम सब सिपाही हैं। श्री अवस्थी ने यह भी बताया कि मध्य प्रदेश की कुछ विधानसभा सीटों पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा छानबीन कराई जा रही है और निश्चित ही यहां भी महाराष्ट्र जैसा मामला सामने आएगा।
हौसला नहीं तोड़ पाई भाजपा-फुन्देलाल
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पुष्पराजगढ़ विधानसभा क्षेत्र के विधायक फुन्देलाल सिंह मार्को ने कहा कि हम सत्ता से संघर्ष कर रहे हैं। वह भी एक ऐसी सत्ता से जो कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर झूठा मुकदमा लगाकर उसे प्रताड़ित करती है। उन्होंने कहा कि इसके बाद भी ऐसी ताकते कांग्रेस कार्यकर्ताओं का हौसला नहीं तोड़ पा रही है। विधायक श्री मार्को ने यह भी कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने जनता से जो भी वायदे किए थे, उसने उसे पूरा नहीं किया है। भाजपा के शासनकाल में आम जनता पूरी तरह से पीड़ित है, इसलिए हमें ऐसे सभी परेशान लोगों की मदद करनी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि बूथ में जाकर मतदाता सूची का परीक्षण करना होगा। उन्होंने यह भी कहा कि 2028 के विधानसभा और 2029 के लोकसभा चुनाव को ध्यान में रखकर हमें एकजुटता के साथ कार्य करना होगा।
पार्टी ने श्रेष्ठ निर्णय लिया-सुभाष
निवर्तमान अध्यक्ष सुभाष गुप्ता ने कहा कि 3 साल में आपने जो साथ दिया मैं उसका आभारी हूं। और यदि इस दौरान मुझसे कुछ गलती हुई तो मैं उसके लिए क्षमा चाहता हूं। उन्होंने कहा कि पार्टी सोच समझ कर निर्णय करती है और पार्टी ने जो निर्णय लिया है वह बेहतर निर्णय है। श्री गुप्ता ने कहा कि आगे आने वाले दिनों में शहडोल में भी वोट चोरी जैसे मुद्दे को लेकर बड़ा धरना-प्रदर्शन करना होगा।
नेताओं ने एकजुटता पर दिया जोर
जिला कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष राकेश कटारे, नगर पालिका शहडोल के अध्यक्ष घनश्याम दास जायसवाल, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता महमूद अहमद, रविंद्र तिवारी, रामपाल सिंह, नीरज द्विवेदी, कुलदीप निगम, संतोष शुक्ला और महिला कांग्रेस की अध्यक्ष श्रीमती संध्या सिंह ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया। सभी ने पार्टी द्वारा अजय अवस्थी को जिला कांग्रेस कमेटी का अध्यक्ष बनाने के निर्णय का स्वागत करते हुए एकजुटता पर जोर दिया। स्वागत भाषण एनएसयूआई के जिला अध्यक्ष सौरभ तिवारी ने दिया। कार्यक्रम के प्रारंभ में जिले भर से आए कांग्रेस के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने अपने नए अध्यक्ष का माल्यार्पण कर गर्म जोशी से स्वागत किया। कार्यक्रम में नगर पालिका परिषद धनपुरी के उपाध्यक्ष हनुमान खंडेलवाल, जनपद अध्यक्ष बुढार सुश्री उमा धुर्वे, बलमीत सिंह खनुजा चिंटू, मोहम्मद आजाद, नौशेरमा खान, जिला पंचायत सदस्य पुष्पेंद्र पटेल, पीयूष शुक्ला, अनुज मिश्रा, प्रभात पाण्डेय, शिव शंकर शुक्ला और आशीष तिवारी सहित जिले के ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन राजीव शर्मा ने किया।



0 Comments