मोहम्मद सईद
शहडोल 17 नवंबर। यहां के खेल प्रेमियों के लिए एक अच्छी खबर यह है, कि शहडोल के एक उभरते एथलीट ने राष्ट्रीय शालेय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में अपना स्थान बनाया है। एथलीट मोहम्मद बिलाल ने यह उपलब्धि गोला फेक में हासिल की है और अब वह शालेय राष्ट्रीय प्रतियोगिता में अपने खेल कौशल का प्रदर्शन करने भिवानी (हरियाणा) जाएगा।
13.23 मीटर गोला फेंका
सहायक संचालक खेल रईस अहमद ने बताया कि शहडोल संभाग में आयोजित प्रतियोगिता में बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करने पर अशासकीय ज्ञानोदय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय शहडोल के कक्षा 11 वीं के छात्र मोहम्मद बिलाल पिता मोहम्मद मुस्तफा कासिम का चयन शालेय राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए हुआ था। यह प्रतियोगिता सागर में 1 से 5 नवंबर तक आयोजित हुई। मोहम्मद बिलाल ने इसमें उत्कृष्ट प्रदर्शन कर 13.23 मीटर गोला फेंक कर मध्य प्रदेश की टीम में चयनित होकर राष्ट्रीय शालेय एथलेटिक्स 19 वर्ष बालक (गोला फेक) में अपना स्थान बना लिया।
सहायक संचालक खेल श्री अहमद ने बताया कि स्कूल गैम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया द्वारा 69 वीं शालेय राष्ट्रीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता भिवानी (हरियाणा) में 26 से 30 नवंबर तक आयोजित की जाएगी, जिसका प्री नेशनल कोचिंग कैंप सागर में 19 और 20 नवंबर को जिला शिक्षा अधिकारी सागर द्वारा कराया जाएगा।
मोहम्मद बिलाल की इस उपलब्धि पर शहडोल में संयुक्त संचालक शहडोल संभाग उमेश कुमार धुर्वे, सहायक संचालक खेल रईस अहमद, सुदर्शन मिश्रा, अशासकीय ज्ञानोदय विद्यालय शहडोल की पीटीआई शिवानी नामदेव और हेमंत सिंह द्वारा गुलदस्ता भेंट कर उसका स्वागत किया गया। साथ ही राष्ट्रीय प्रतियोगिता में विजय होने का आशीर्वाद भी दिया। अशासकीय ज्ञानोदय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय शहडोल के संचालक अजय सिंह और प्राचार्य श्रीमती रेखा सिंह ने भी मोहम्मद बिलाल की इस उपलब्धि पर बधाई देते हुए उसे आगे की प्रतियोगिता में सफल होने की कामना की है।



0 Comments