Ticker

6/recent/ticker-posts

बांधवगढ़ में 4 प्रजाति के गिद्ध, इजिप्शियन गिद्ध भी दिखे

मोहम्मद सईद

शहडोल 22 फरवरी। बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व क्षेत्र में तीन दिन तक चली गिद्ध गणना रविवार को पूरी हो गई। इस बार की गणना में बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व क्षेत्र में 38 स्थल पर 4 प्रजाति के गिद्ध देखे गए जिनमें राज गिद्ध, देसी गिद्ध, इजिप्शियन गिद्ध और सफेद पीठ गिद्ध शामिल है। जिनकी संख्या क्रमशः 17, 237, 14 और 8 रही। इस प्रकार बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में कुल गिद्ध संख्या 276 रही। उल्लेखनीय है, कि गिद्ध गणना 20 फरवरी को प्रारंभ हुई थी।

मोबाइल ऐप का लिया सहारा

बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के क्षेत्र संचालक डॉ. अनुपम सहाय ने "खबरें अभी तक" को बताया कि गिद्ध गणना कार्य बांधवगढ़ टाइगर रिज़र्व के 4 उप वन मंडलों के 9 परिक्षेत्रों की 139 बीटों में किया गया। इसमें लगभग 400 से अधिक फील्ड स्टॉफ ने हिस्सा लिया और करीब 60 अधिकारियों/वरिष्ठ वनकर्मियों ने मौके पर रहकर निगरानी की। क्षेत्र संचालक डॉ. सहाय ने बताया कि इस बार गिद्धों की गणना इसलिए भी महत्वपूर्ण रही की निर्धारित प्रपत्रों के साथ साथ मोबाइल ऐप Epicollect5 के माध्यम से भी की गई, जिससे जानकारी सीधे और तुरंत दर्ज हो सकी। मुख्यालय द्वारा रियल टाइम मॉनिटरिंग एवं विश्लेषण किया जा सका।

जो बैठे मिले, उन्हीं को गिना

क्षेत्र संचालक ने बताया कि गणना करते समय नियमानुसार केवल उन्हीं गिद्धों को गिना गया जो बैठे पाए गए अर्थात उड़ते हुए गिद्धों को गिनती में नहीं लिया गया। क्षेत्र संचालक डॉ. सहाय का यह भी कहना है, कि4  प्रजातियों के गिद्धों की उपस्थिति बांधवगढ़ टाइगर रिज़र्व के स्वस्थ पारिस्थितिकीय तंत्र एवं जैव विविधता की द्योतक है और थल चर वन्य जीवों के साथ साथ नभचर वन्य जीवों के संरक्षण एवं संवर्धन में बांधवगढ़ के अग्रणी होने की परिचायक है।

Post a Comment

0 Comments