Ticker

6/recent/ticker-posts

अध्यक्ष कर रहे जनसुनवाई, समस्याओं का शीघ्र होगा निराकरण

मोहम्मद सईद

शहडोल 5 फरवरी। नगर पालिका अध्यक्ष घनश्याम दास जायसवाल ने नवाचार करते हुए जनसुनवाई प्रारंभ की है। जनसुनवाई कार्यक्रम के पहले ही दिन बड़ी संख्या में नागरिक अपनी समस्याओं को लेकर नगर पालिका अध्यक्ष के पास पहुंचे नगर पालिका अध्यक्ष श्री जायसवाल ने इन नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और यथा संभव उसका तत्काल निराकरण भी किया। वहीं कुछ विषयों पर संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश देकर शीघ्र समाधान का नागरिकों को उन्होंने आश्वासन दिया। विवेकानंद व्यावसायिक परिसर के बगल में स्थित नगर पालिका अध्यक्ष कार्यालय में आयोजित जन सुनवाई कार्यक्रम में पहुंचे विभिन्न वार्डों के नागरिकों ने साफ-सफाई, पेयजल व्यवस्था, सड़क, नाली और प्रकाश व्यवस्था सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी शिकायतें नगर पालिका अध्यक्ष श्री जायसवाल के समक्ष रखीं। अध्यक्ष श्री जायसवाल ने नगर पालिका परिषद के अधिकारियों को तत्काल निर्देश दिया कि वह इन सभी शिकायतों का निराकरण करें। जन सुनवाई में पुरानी बस्ती शहडोल निवासी मनोज केसरवानी और पांडवनगर निवासी अमित गुप्ता की विद्युत संबंधी शिकायत का तत्काल निराकरण कराया गया। उपाध्यक्ष प्रवीण शर्मा "डोली" ने भी नागरिकों से संवाद करते हुए नगर विकास में सहयोग की अपील की। इस अवसर पर पार्षद शक्ति लक्षकार, पूर्णेद्र मिश्रा, जीतेन्द्र सिंह जित्तू, प्रभात पांडे, विकास तिवारी और राजा यादव सहित नगर पालिका के अधिकारी-कर्मचारी भी उपस्थित रहे। 

समस्याओं का समाधान करना उद्देश्य-जायसवाल

नगर पालिका अध्यक्ष घनश्याम जायसवाल ने "खबरें अभी तक" से चर्चा के दौरान बताया कि जन सुनवाई का मुख्य उद्देश्य आमजन की समस्याओं को सीधे सुनकर उनका समय बद्ध समाधान करना है। अध्यक्ष श्री जायसवाल ने यह भी बताया कि विवेकानंद व्यावसायिक परिसर के बगल में स्थित अपने कार्यालय में वह सुबह 9 से 11 बजे तक और शाम 4 से 5 बजे तक उपलब्ध रहकर आम लोगों की समस्याओं को सुनेंगे।


Post a Comment

0 Comments