मोहम्मद सईद
शहडोल 6 फरवरी। कोयलांचल नगरी धनपुरी के साथ ही शहडोल संभाग के लिए 8 फरवरी का दिन ऐतिहासिक बनने जा रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 8 फरवरी को धनपुरी में करोड़ों रुपए की लागत से निर्मित अत्याधुनिक और सर्व सुविधायुक्त स्टॉफ क्लब, स्विमिंग पूल और वाटर पार्क का लोकार्पण करेंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव के आगमन को लेकर नगर पालिका परिषद धनपुरी द्वारा व्यापक तैयारी की जा रही है, जो अंतिम चरण में है। नगर पालिका परिषद धनपुरी द्वारा वार्ड क्रमांक 2 में वाटर पार्क का निर्माण कार्य कराया गया है। इस वाटर पार्क में लोगों के मनोरंजन के लिए सभी अत्याधुनिक सुविधाएं मौजूद है। वाटर पार्क में लोग एंजॉय तो करेंगे ही, साथ ही यहां एक रेस्टोरेंट भी बनाया गया है। इस रेस्टोरेंट के व्यंजनों का भी लोग लुत्फ उठा सकेंगे। इसी वाटर पार्क के परिसर में मुख्यमंत्री का कार्यक्रम होगा जिसमें लोगों के बैठने के लिए एक विशालकाय पंडाल के साथ ही एक भव्य मंच भी तैयार किया गया है।
वाटर पार्क के बगल में ही एक भव्य और अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित स्टॉफ क्लब का भी निर्माण नगर पालिका परिषद द्वारा किया गया है। इस स्टॉफ क्लब में प्रवेश करते ही एक विशालकाय और भव्य झूमर का नजारा देखते ही बनता है। स्टॉफ क्लब में कांफ्रेंस हॉल के साथ ही इंडोर गेम और जिम की सुविधा भी उपलब्ध है। स्टॉफ क्लब परिसर में ही एक बहुत ही शानदार स्विमिंग पूल भी बनाया गया है। स्टॉफ क्लब की अति आधुनिक सुविधाएं और विशालकाय भवन को देखकर यह बात साबित हो रही है, कि यह पूरे संभाग का अपने आप में अलग तरह का अकेला क्लब है।
कार्यक्रम में खुला आमंत्रण-रविंदर छाबड़ा
नगर पालिका परिषद धनपुरी के अध्यक्ष श्रीमती रविंदर कौर छावड़ा ने लोगों से अपील की है, कि वह 8 फरवरी रविवार को अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम स्थल धनपुरी में पहुंचकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के कार्यक्रम को सफल बनाएं। उन्होंने कहा कि निर्माण कराया गया यह वाटर पार्क शहडोल जिले का पहला वाटर पार्क है जो निश्चित लोगों के मनोरंजन के लिए आकर्षण का केंद्र रहेगा।



0 Comments