शहडोल 14 मार्च। नगर में 15 मार्च को मनाए जाने वाली मां कर्मा जयंती को लेकर समाज के लोगों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। इस अवसर पर समाज के द्वारा भव्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। आयोजन के अंतर्गत संत शिरोमणि मां कर्मा की पूजा-अर्चना, शोभायात्रा, भजन-कीर्तन तथा प्रसादी वितरण का कार्यक्रम रखा गया है। आयोजन समिति के सदस्यों ने बताया कि मां कर्मा जयंती समाज के लिए आस्था और एकता का पर्व है। इस दिन बड़ी संख्या में समाजजन शामिल होकर मां कर्मा का आशीर्वाद प्राप्त करेंगे। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए समाज के युवा और वरिष्ठ सदस्य तैयारियों में जुटे हुए हैं।
यह कार्यक्रम होंगे
साहू समाज के जिला अध्यक्ष वाल्मीक प्रसाद साहू और मीडिया प्रभारी अनिल साहू ने संयुक्त रूप से बताया कि जिला साहू समाज शहडोल के तत्वावधान मां कर्मा जी की 1010 में जयंती का आयोजन जिले में मां कर्मा जयंती/ पखवाड़े के रूप में मनाया जाएगाl उन्होंने बताया कि इसके अंतर्गत संभागीय मुख्यालय के मां कर्मा मंदिर में सुबह 11 बजे से पूजन एवं भजन, कर्मा चालीसा 12 बजे से 01 बजे तक मां कर्मा सेवा आश्रम एवं छात्रावास करण तलैया के पास शहडोल मे आयोजित किया जाएगा।
दोपहर में निकलेगी शोभा यात्रा
उन्होंने बताया कि माँ कर्मा मंदिर से दोपहर 1 बजे से शोभा यात्रा प्रारंभ होगी। यह शोभायात्रा बाणगंगा तिराहा, जयस्तंभ चौक, गांधी चौक और इंदिरा चौक होते हुए कार्यक्रम स्थल शुभम पैलेस पहुंचेगी। यहां सामूहिक आरती, सांस्कृतिक कार्यक्रम, मेधावी छात्र-छात्राओं का सम्मान और समाजसेवियों का सम्मान किया जाएगा। सामाजिक उद्बोधन के बाद प्रसाद वितरण एवं भंडारा का आयोजन किया जाएगा। जिला अध्यक्ष वाल्मीक प्रसाद साहू ने जिले के सभी कर्मा भक्तों से अधिक से अधिक संख्या में पधारने की अपील की हैl

0 Comments