Ticker

6/recent/ticker-posts

शहडोल में तीन दिवसीय रोटरी राहत निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर शुरू

मोहम्मद सईद

शहडोल 13 मार्च। मध्यप्रदेश के उप मुख्यमंत्री एवं शहडोल जिले के प्रभारी मंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने रोटरी क्लब शहडोल, मंडला मेकल एवं जबलपुर, राजकृष्ण तन्खा फाउंडेशन, चिरायु मेडिकल कॉलेज एवं हॉस्पिटल भोपाल तथा लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग के सहयोग से संभागीय मुख्यालय शहडोल के शासकीय आईटीआई परिसर में आयोजित तीन दिवसीय निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर किया। यह विशाल निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर 15 मार्च तक शासकीय आईटीआई परिसर, शहडोल में प्रतिदिन प्रातः 9 बजे से शाम 6 बजे तक जारी रहेगा। शिविर में सुपर स्पेशियलिटी विशेषज्ञों द्वारा कैंसर, रीढ़, हड्डी, स्त्री रोग, छाती एवं श्वास रोग, शिशु रोग, किडनी रोग, घुटना रोग, मूत्र रोग, चर्म रोग, कटे-फटे होंठ, नाक-कान-गला आदि रोगों का निःशुल्क परामर्श एवं उपचार किया जाएगा। इसके साथ ही डिजिटल एक्स-रे, सोनोग्राफी, ईको, ईसीजी, कैंसर जांच, आंखों की जांच, डायबिटीज जांच तथा फेफड़ों की कार्यक्षमता परीक्षण जैसी जांच सुविधाएं भी उपलब्ध रहेंगी।

स्वास्थ्य के प्रति जागरूक होना जरूरी-राजेन्द्र शुक्ल

उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि लोगों को स्वास्थ्य के प्रति संवेदनशील और जागरूक होना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में बाहर के खान-पान से बचना चाहिए। रोटरी क्लब द्वारा आयोजित यह निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर जरूरतमंद लोगों की सेवा का एक अत्यंत पुनीत कार्य है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा शुरू की गई आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से जरूरतमंद लोगों को 5 लाख रुपये तक की स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिससे बड़ी से बड़ी बीमारी का उपचार भी निःशुल्क संभव हो रहा है। उन्होंने बताया कि 28 फरवरी को सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए एचपीवी टीकाकरण अभियान प्रारंभ किया गया है। इस अभियान के तहत 14 से लेकर 15 वर्ष 03 माह तक की बालिकाओं को सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए टीकाकरण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि एचपीव्ही वैक्सीनेशन सर्वाइकल कैंसर से बचाव का अत्यंत प्रभावी माध्यम है। इसलिए सभी लोग अपनी 14 वर्षीय बेटियों को नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में ले जाकर निःशुल्क जीवनरक्षक एचपीव्ही टीका अवश्य लगवाएं। उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने  रोटरी राहत शिविर की सराहना करते हुए कहा कि चलित अस्पताल आपके क्षेत्र में आया है इसका लाभ समाज के सभी वर्गों को दिया जाए। उन्होेने जिला प्रशासन को निर्देश दिए कि ब्लाइंड बच्चों की पहचान कर एवं बाल ह्रदय के पीड़ित बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण इस शिविर के माध्यम से कराया जाए। 

जरूरतमंदों के लिए लगा रहे हैं शिविर-विवेक तन्खा

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्य सभा सदस्य विवेक कृष्ण तन्खा ने कहा कि रोटरी क्लब द्वारा लगातार जरूरतमंद लोगों के लिए निःशुल्क राहत स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाते हैं। उन्होंने कहा कि प्रशासन और समाज के सहयोग से ही राहत का जन्म होता है। उन्होंने बताया कि रोटरी राहत स्वास्थ्य शिविर की शुरुआत मंडला जिले से की गई थी, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों को लाभ मिला। उन्होंने कहा कि रोटरी राहत स्वास्थ्य शिविर में देश भर से आए चिकित्सकों द्वारा सेवाएं दी जा रही हैं। भोपाल के चिरायु अस्पताल के संचालक डॉ. गोयनका द्वारा अपने समस्त स्टाफ के साथ सेवाए देने के साथ ही गंभीर बीमार व्यक्तियों को निःशुल्क भोपाल में स्वास्थ्य सेवाएं देने की बात कही गई है।  

स्मृति चिन्ह भेंट किया

कार्यक्रम में अतिथियों द्वारा शहडोल के लाल मुम्बई हास्पिटल के प्रख्यात सर्जन डॉ. विशाल कुन्दनानी, मणिपाल अस्पताल, वेदान्ता अस्पताल, बालको कैंसर हास्पिटल, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजेश मिश्रा, अपोलो जबलपुर तथा चिरायु अस्पताल भोपाल के संचालक डॉ. गोयनका का रोटरी क्लब के पदाधिकारियों ने स्मृति चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया गया। 

यह भी रहे उपस्थित

कार्यक्रम में विधायक जयसिंह मरावी, विधायक श्रीमती मनीषा सिंह, विधायक शरद कोल, विधायक फुंदेलाल मार्काे, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती प्रभा मिश्रा सहित रोटरी क्लब के पदाधिकारी, गणमान्य नागरिक, चिकित्सक एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments