Ticker

6/recent/ticker-posts

त्यौहारों के मौके पर नींद से जाग जाता है खाद्य सुरक्षा विभाग

मोहम्मद सईद

शहडोल 2 मार्च। होली के पावन अवसर पर जब पूरा शहर रंग और गुलाल के साथ त्यौहार की तैयारी में डूबा हुआ है, तभी खाद्य सुरक्षा विभाग भी नींद से अचानक जाग गया है। विभाग के अधिकारियों ने गत सुबह आंखें मलते हुए याद किया कि शहर में कुछ होटल और मिठाई की दुकानें भी हैं, जिनकी जांच करना उनका कर्तव्य है। इससे पहले खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम दीपावली के पहले भी सक्रिय नजर आई थी और दीपावली बीतते ही विभाग के अधिकारी “खाद्य सुरक्षा ध्यान योग” में व्यस्त हो गए। यह अलग बात है, कि त्यौहार बीतने के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारी इन्हीं प्रतिष्ठानों और होटलों में बैठ कर दरबार करते नजर आते हैं।

यहां किया निरीक्षण

इस बीच जन सम्पर्क विभाग ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया है कि खाद्य सुरक्षा अधिकारी आरके सोनी द्वारा शहडोल एवं बुढार नगर क्षेत्र में विभिन्न प्रतिष्ठानों में औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान बुढार स्थित गणेश मिष्ठान, श्याम मिष्ठान, अंकुर स्वीट्स, जोधपुर स्वीट्स तथा आदर्श भोग भंडार की जांच की गई। वहीं शहडोल नगर में शिव डेयरी, गोकुल डेयरी, राजस्थान स्वीट्स, बबलू डेयरी, पंजाब डेयरी, कोलकाता डेयरी सहित अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया तथा विभिन्न मिष्ठानों एवं खाद्य सामग्रियों के सैम्पल लेकर जांच हेतु लैब को भेजे गए। निरीक्षण के दौरान रसगुल्ला, कलाकंद, खोवा सहित विभिन्न खाद्य पदार्थों के सैंपल जांच हेतु लिए गए हैं।

कार्रवाई या फोटो सेशन

खास त्यौहारों के मौके पर अचानक तेज गति से सक्रिय होने को लेकर खाद्य सुरक्षा विभाग पर कई तरह के सवाल भी लग रहे हैं। सवाल यह उठ रहा है कि यह वाकई किसी तरह की कोई कार्रवाई होती है या फिर विभाग और प्रतिष्ठानों के बीच की नूरा कुश्ती। इस खास निरीक्षण में अधिकारी विशेष तरह से फोटो खिंचवाने में भी पीछे नहीं रहते। निरीक्षण के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी  कुछ इस तरह फोटो खिंचवाते हैं कि मानों कोई फोटो सेशन चल रहा हो। शहर के नागरिकों ने भी विभाग की इस सक्रियता की सराहना करते हुए कहा कि हमें खुशी है, कि कम से कम त्यौहारों पर तो विभाग को हमारी सेहत की चिंता होती है। बाकी समय हम खुद ही अपने भाग्य और पेट पर भरोसा रखते हैं। फिलहाल शहर में होली की तैयारियां जोरों पर हैं और खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारी भी उतनी ही तेजी से दौड़ रहे हैं।

Post a Comment

0 Comments