मोहम्मद सईद
सिंगरौली 2 मार्च। महिला के साथ मारपीट और प्रताड़ित कर उसे आत्महत्या के लिए मजबूर करने वाले आरोपी को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया है। मामला सिंगरौली जिले के नवानगर थाना क्षेत्र का है। पुलिस अधीक्षक सिंगरौली मनीष खत्री के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सर्वप्रिय सिन्हा के मार्गदर्शन तथा प्रभारी सीएसपी विन्ध्यनगर राहुल कुमार सैयाम के नेतृत्व में थाना प्रभारी नवानगर डॉ. अनिल कुमार पटेल एवं पुलिस टीम ने त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया एवं जिला चिकित्सालय बैढ़न में चिकित्सीय परीक्षण कराकर माननीय न्यायालय बैढ़न में प्रस्तुत किया गया, जहां से न्यायालय द्वारा उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।
बाइक में बैठाकर जबरदस्ती ले गया
थाना प्रभारी नवानगर डॉ. अनिल कुमार पटेल ने बताया कि धारा 194 बीएनएसएस के तहत प्राप्त मर्ग डायरी की विवेचना के दौरान घटना स्थल एमक्यू 433 एनसीएल कॉलोनी निगाही का निरीक्षण, पंचनामा, साक्ष्य संकलन एवं संबंधित गवाहों के कथन लेखबद्ध किए गए। जांच के दौरान प्राप्त परिस्थिति जन्य साक्ष्यों एवं गवाहों के बयानों से ज्ञात हुआ कि मृतका फूलमती उम्र 35 वर्ष निवासी दसौती थाना नवानगर, निगाही परियोजना में ठेकेदारी कार्य से जुड़े संदीप बत्तूला के पास कार्य करती थी। जांच में सामने आया कि आरोपी संदीप बत्तूला द्वारा पिछले कुछ समय से मृतका के साथ मारपीट एवं प्रताड़ना की जा रही थी। 26 फरवरी को संदीप उसे जबरन मोटर साइकिल से अपने निवास एमक्यू 433, सेक्टर-06, एनसीएल कॉलोनी निगाही ले गया, जहां कथित रूप से लगातार प्रताड़ना से त्रस्त होकर फूलमती ने रात्रि में आरोपी के निवास के दूसरे कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। विवेचना के आधार पर आरोपी का कृत्य धारा 108 बीएनएस के तहत दण्डनीय पाए जाने से अपराध क्रमांक 0034/2026 कायम कर आरोपी संदीप बत्तूला उम्र 39 वर्ष को विधिवत गिरफ्तार किया गया।

0 Comments