मोहम्मद सईद
शहडोल 3 मई। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा गत दिवस जिला पंचायत सभागार में लाड़ली लक्ष्मी उत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जयसिंहनगर विधानसभा क्षेत्र की विधायक श्रीमती मनीषा सिंह मंचासीन रहीं। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के छायाचित्र पर माल्यार्पण व दीप प्रज्वलित कर किया गया। मुख्य अतिथि के रूप में कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जयसिंहनगर विधायक श्रीमती मनीषा सिंह ने बालिकाओं की सराहना करते हुए कहा कि आज के दौर में बेटियां हर क्षेत्र में अपना नाम रोशन कर रहीं हैं। उन्होंने कहा कि यह बहुत ही हर्ष का विषय है कि शासन की यह पहल आज बच्चियों के भविष्य को बेहतर बना रही है। विधायक श्रीमती सिंह ने बालिकाओं को उनके बेहतर भविष्य के लिए शुभकामनाएं भी दी।
शिक्षा व विवाह के लिए मिलती है राशि
कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी अखिलेश मिश्रा ने लाड़ली लक्ष्मी योजना के क्रियान्वयन के संबंध में जानकारी देते हुए कहा कि लाड़ली लक्ष्मी योजना मध्य प्रदेश सरकार की एक प्रमुख पहल है, जिसका उद्देश्य बेटियों के जन्म के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करना और उनकी शिक्षा व आर्थिक स्थिति को मजबूत करना है। जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री मिश्रा ने बताया कि इस योजना के तहत 21 वर्ष की आयु में बेटी को कुल 1.43 लाख की सहायता मिलती है, जो विभिन्न किस्तों में शिक्षा और विवाह के लिए दी जाती है। जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री मिश्रा ने यह भी बताया कि जिले में आंगनबाड़ी केंद्र स्तर पर भी लाड़ली लक्ष्मी उत्सव कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
योगाभ्यास भी कराया
बेटियों के मानसिक स्वास्थ्य को और भी बेहतर बनाने के लिए कार्यक्रम में उपस्थित योग प्रशिक्षक शिवाकांत शुक्ला ने सभागार में उपस्थित बालिकाओं को योग कराया व योग के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। इस मौके पर लाड़ली लक्ष्मी बालिकाओं ने अपने विचार प्रस्तुत करते हुए बताया कि शासन की यह पहल उनके भविष्य के लिए अति लाभदायक है। लाड़ली लक्ष्मी की जो राशि प्राप्त होती है वह उनके बेहतर शिक्षा के लिए अति उपयोगी है। लाठी प्रदर्शन करने वाली बालिकाओं ने भी शासन के इस महत्वपूर्ण पहल के लिए अपने विचार प्रस्तुत किए। विधायक श्रीमती सिंह ने खेल के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन वाली बालिकाओं को प्रशस्ति पत्र व मैडल वितरित कर सम्मानित किया। महिला एवं बाल विकास विभाग के सोहागपुर परियोजना अधिकारी आनंद अग्रवाल ने कार्यक्रम का सफल व प्रभावी संचालन किया। कार्यक्रम के अंत में विधायक श्रीमती सिंह और लाड़ली बालिकाओं ने एक पेड़ लाड़ली लक्ष्मी के नाम के तहत पौधरोपण भी किया। कार्यक्रम में अजय सोधिया, प्रमोद विश्वकर्मा, श्रीमती संजीता भगत, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताएं व लाडली लक्ष्मी बालिकाएं भी उपस्थित रहीं।



0 Comments