मोहम्मद सईद
शहडोल 3 मई। सोना-चांदी के व्यापारियों का दिन में व्यापार करने के बाद शाम को घर लौटना अब खतरों से खाली नहीं है। एक लूट की घटना ने व्यापारियों में हड़कंप मचा दिया है। लूट का शिकार हुआ सराफा व्यापारी साप्ताहिक बाजार में दुकान करने के बाद घर लौट रहा था, कि तभी बाइक सवार बदमाशों ने सोना चांदी से भरा उसका बैग छीना और मौके से फरार हो गए। यह पूरा मामला शहडोल संभाग अंतर्गत उमरिया जिले के इंदवार थाना क्षेत्र का है।
घटना के संबंध में पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ग्राम पलझा निवासी संतोष सोनी बीते शनिवार को पनपथा के साप्ताहिक बाजार गए हुए थे। साप्ताहिक बाजार में दिन भर दुकान लगाने के बाद शाम को उन्होंने अपनी दुकान के सारे जेवरात को समेटा और उसे बैग में रखकर घर के लिए रवाना हुए। इसी दौरान शाम लगभग सात बजे अमरपुर-पनपथा रोड स्थित हथनी तलैया के पास सराफा व्यापारी संतोष सोनी पहुंचे ही थे कि तभी पीछे से बाइक में सवार होकर आए तीन युवकों ने अपनी बाइक को उनकी बाइक से सटा दिया और संतोष सोनी का बैग छीनने लगे। इसी खींचतान में बैग का पट्टा टूट गया और इसके बाद बाइक सवार युवक बैग को अपने कब्जे में लेकर मौके से तेज गति से रफू चक्कर हो गए। इस धक्का मुक्की में व्यापारी संतोष सोनी बाइक समेत जमीन पर जा गिरे जिससे उन्हें चोट पहुंची है।
बैग में सोने-चांदी के जेवरात के साथ ही कैश बुक भी रखी हुई थी। इस क्षेत्र में इस तरह की लगातार बढ़ती ऐसी घटनाओं से ग्रामीणों में डर का माहौल है।
इंदवार पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 304(2) बीएनएस एवं स्नैचिंग के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश में जुटी है।

0 Comments