Ticker

6/recent/ticker-posts

फुटबॉल स्टार बनने, ट्रायल में युवा खिलाड़ियों ने दिखाया जोश व जुनून

मोहम्मद सईद

शहडोल 14 जून। देश ही नहीं विदेश में भी मिनी ब्राजील के रूप में अपनी पहचान बन चुके शहडोल जिले के विचारपुर स्थित स्वर्गीय जयपाल सिंह मुंडा फुटबॉल मैदान में युवा फुटबॉल खिलाड़ियों का ट्रायल चल रहा है। मध्य प्रदेश फुटबॉल संघ के चयनकर्ताओं की निगरानी में एमपी अकादमी के ट्रायल के पहले ही दिन शनिवार को 8 से 18 वर्ष आयु वर्ग के 445 बालक-बालिकाओं ने मैदान में अपना दमखम दिखाया। सोमवार को भी ट्रायल जारी रहेगा।ट्रायल की शुरुआत से पूर्व खेल परंपरा के अनुसार उपस्थित सभी अतिथियों का बैच लगाकर आत्मीय स्वागत किया गया। इसके पश्चात मध्य प्रदेश फुटबॉल एसोसिएशन की ओर से पधारे अनुभवी चयनकर्ताओं व प्रशिक्षकों का जिला फुटबॉल संघ के अध्यक्ष इंद्रजीत सिंह छाबड़ा एवं अन्य वरिष्ठ पदाधिकारियों ने शॉल, श्रीफल और बुके भेंट कर सम्मान किया।

जैसा सुना था उससे अधिक पाया-कोच

ट्रायल लेने पहुंचे मप्र फुटबॉल संघ के अधिकृत मुख्य कोच व चयनकर्ता और मोहन बागान, ईस्ट बंगाल जैसे इंडिया के बड़े क्लबो में कोच रह चुके स्वप्न कुमार विश्वास ने विचारपुर के नन्हे खिलाड़ियों के कौशल को देखकर अपनी प्रसन्नता जाहिर की। उन्होंने कहा कि मैने विचारपुर और शहडोल के फुटबॉल प्रेम के बारे में जैसा सुना था, आज प्रत्यक्ष रूप से उससे कहीं अधिक पाया है। वर्तमान में मैंने पूरे मध्य प्रदेश का भ्रमण करके देखा है, लेकिन शहडोल जैसी अद्भुत खेल प्रतिभा और ऊर्जा मुझे प्रदेश में कहीं और नजर नहीं आई। 
प्रशिक्षक आशीष पिल्ले ने कहा कि यहाँ का फुटबॉल संघ और स्थानीय कोचेस जमीनी स्तर पर बेहतरीन कार्य कर रहे हैं। वह दिन दूर नहीं जब इसी मैदान से राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के सितारे निकलेंगे।


खिलाड़ियों को संघ देगा एक लाख की राशि 

खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करते हुए जिला फुटबॉल संघ शहडोल के अध्यक्ष इंद्रजीत सिंह छाबड़ा ने कहा कि बीच के दौर में जिले में फुटबॉल का जो ग्राफ थोड़ा कम हो रहा था, आज इन छोटे बच्चों के पैरों का जादू देखकर वह चिंता दूर हो गई है। अब शहडोल से मिनी, जूनियर और सीनियर वर्ग की सर्वश्रेष्ठ टीमें तैयार करने में कोई कठिनाई नहीं होगी। उन्होंने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए जिला फुटबॉल संघ की ओर से एक लाख रुपए की राशि देने की सहर्ष घोषणा की और कहा कि खिलाड़ियों के विकास के लिए संघ सदैव तत्पर रहेगा।

अंतरराष्ट्रीय स्तर का मिलेगा प्रशिक्षण

जिला फुटबाल संघ शहडोल के सचिव रईस अहमद ने बताया कि मध्य प्रदेश फुटबॉल अकादमी के तीन दिवसीय मेगा चयन ट्रायल में सेलेक्ट होने वाले खिलाड़ियों को मध्य प्रदेश फुटबॉल संघ द्वारा अंतरराष्ट्रीय स्तर का बिल्कुल निःशुल्क प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। श्री अहमद ने बताया कि साथ ही उन्हें आगामी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में मध्य प्रदेश का प्रतिनिधित्व करने का भी सुनहरा अवसर मिलेगा।

इनकी भी रही उपस्थिति

इस अवसर पर जिला फुटबॉल संघ के उपाध्यक्ष ए.के. मोहंती, कोषाध्यक्ष अनिल सिंह, रिलायंस फाउंडेशन शहडोल से डॉ. समीम खान, विचारपुर के वरिष्ठ फुटबॉल खिलाड़ी क्रेतराम सिंह, राष्ट्रीय खिलाड़ी व कोच नीलेंद्र कुंडे, लक्ष्मी सहीस, नरेश कुंडे, रजनी सिंह, सीताराम सहिस, यशोदा सिंह, शंकर दहिया और संग्राम सिंह सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी, कोच एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments