Ticker

6/recent/ticker-posts

बच्चों की श्रेष्ठ शिक्षा और बेहतर भविष्य पर जोर

मोहम्मद सईद 

शहडोल 1 जुलाई। शहडोल की प्रमुख माने जाने वाली सेंट जूडस क्रिश्चियन मिशन हायर सेकेंडरी स्कूल में शनिवार को अभिभावक शिक्षक संघ(पीटीए) की प्रथम बैठक आयोजित हुई। बड़ी संख्या में मौजूद छात्रों के अभिभावकों से संवाद करते हुए स्कूल के संचालक एबनेजर सैमुअल ने कहा कि हमारा उद्देश्य लाभ कमाना नहीं, बल्कि बच्चों को श्रेष्ठ और अच्छी शिक्षा उपलब्ध कराकर बेहतर भविष्य का निर्माण करना है। उन्होंने कहा हमारा मानना है, कि श्रेष्ठ छात्र ही अच्छे राष्ट्र का निर्माण कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि हम छात्रों को अनुशासन के साथ ऐसी शिक्षा उपलब्ध करा रहे हैं, कि इनमें से आगे चलकर कोई भारतीय प्रशासनिक सेवा, कोई डॉक्टर, कोई इंजीनियर तो कोई अन्य अन्य प्रोफेशन में स्थान बनाएगा। संचालक एबनेजर सैमुअल ने कहा कि तब आप अभिभावकों को भी गर्व महसूस होगा कि आपने अपने बच्चों को हमारी स्कूल में पढ़ाया। 

स्कूल के सर्वांगीण विकास और गुणवत्ता युक्त शिक्षा पर जोर देते हुए उन्होंने 10 महत्वपूर्ण बिंदु भी साझा किया। उन्होंने बताया कि शिक्षा के क्षेत्र में आ रही नई तकनीक के प्रभावी और सही उपयोग के लिए अभिभावकों और शिक्षकों के लिए सेमिनार आयोजित किया जाएगा। प्रत्येक माह इस तरह की बैठक आयोजित की जाएगी। संचार तकनीकी को देखते हुए स्कूल में पढ़ाई के लिए नई तकनीक भी लाई जा रही है। बहुत बड़ी संख्या में अभिभावकों द्वारा फीस नहीं जमा किए जाने पर चिंता व्यक्त करते हुए उन्होंने सहयोग की अपील भी की। उन्होंने कहा कि यह सोचना चाहिए कि ऐसी स्थिति में स्कूल का संचालन करने में कितनी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा होगा। 

संचालक एबनेजर सैमुअल ने कहा कि हम पूरी ईमानदारी के साथ बच्चों को शिक्षा देते हैं और उसी का परिणाम है, कि कक्षा 12वीं की बोर्ड परीक्षा में मान्यता साहू ने 97.6 प्रतिशत अंक अर्जित कर पूरे प्रदेश में पांचवी रैंक हासिल करने के साथ ही शहडोल जिले में भी टॉप किया है। श्री सैमुअल ने अभिभावकों से यह भी कहा कि स्कूल ही नहीं यदि आपको कभी भी जरूरत महसूस हो तो आप हमें याद करें, हम आपके साथ खड़े मिलेंगे। शहडोल के प्रतिष्ठित नागरिक और भारती प्रेस के संचालक अरुण अग्रवाल ने अभिभावकों से संवाद करते हुए कहा कि बच्चों के बेहतर माहौल के लिए अभिभावकों को भी बच्चों पर ध्यान देना चाहिए। बैठक के दौरान ही स्कूल के विकास को दृष्टिगत रखते हुए एक कोर कमेटी का भी गठन किया गया, जिसमें कई अभिभावकों और शिक्षकों को शामिल किया गया है। बैठक में अभिभावकों ने भी अपने-अपने सुझाव दिए। बैठक में स्कूल की प्राचार्य श्रीमती डेजी एबनेजर, उप प्राचार्य राजकुमार और शिक्षक मर्सिया जूट सहित बड़ी संख्या में अभिभावक और स्कूल के शिक्षक उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments