Ticker

6/recent/ticker-posts

पुलिस की बड़ी सफलता, तीन चोरी के मामलों का खुलासा, छह आरोपी गिरफ्तार

मोहम्मद सईद 
शहडोल 17 अगस्त। जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों पर अंकुश लगाने और चोरी की वारदातों का शीघ्र खुलासा करने के लिए पुलिस द्वारा चलाए जा रहे अभियान के तहत ब्यौहारी एवं गोहपारू पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने चोरी के तीन अलग-अलग प्रकरणों का खुलासा करते हुए  छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से चोरी किए गए आभूषण, नकदी और मोटर साइकिल भी बरामद की गई है।

ब्यौहारी में आभूषण और नकदी चोरी का खुलासा

ब्यौहारी पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के ग्राम मऊ निवासी मुन्नी सिंह गोंड ने 11 अगस्त को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह घर में ताला लगाकर खेत गई थीं। वापस लौटने पर कमरे का ताला टूटा मिला और पेटी में रखे सोने-चांदी के आभूषण तथा 21 सौ रुपए नकद गायब थे। चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब 82 हजार 100 रुपए आंकी गई।
विवेचना के दौरान पुलिस ने संदेह के आधार पर पुष्पलता सिंह निवासी अल्हरा थाना पपौंध को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में मिले सुराग के आधार पर उसके कब्जे से चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषण एवं नकदी बरामद की गई। पुलिस ने बताया कि आरोपिया को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर पेश किया गया है।
इसी तरह आखेटपुर निवासी संदीप पटेल ने  रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनकी  मोटर साइकिल 12 जून की रात चोरी हो गई है। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने अमन साकेत निवासी बरहा टोला, ब्यौहारी को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने मोटर साइकिल चोरी करना स्वीकार किया। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी गई मोटर साइकिल जब्त की और आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।

गोहपारू में चार आरोपी गिरफ्तार

थाना गोहपारू क्षेत्र के ग्राम देवरी नंबर-02 में 22-23 जून की दरमियानी रात पटवारा सिंह के घर चोरी हुई थी। अज्ञात आरोपी घर से तीन लड़ी करधन, 70 हजार रुपए नकद और मोबाइल फोन चोरी कर ले गए थे। पुलिस ने संदेहियों से पूछताछ और पतासाजी के आधार पर अर्जुन सिंह, सुविन्द्र केवट, विक्रम सिंह और महेन्द्र सिंह सभी निवासी ग्राम पैलवाह, थाना गोहपारू को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से चोरी की मशरूका में से 8 हजार रुपए नकद बरामद किए गए हैं। गोहपारू पुलिस ने बताया कि शेष मशरूका की बरामदगी और अन्य तथ्यों को लेकर विवेचना जारी है।

इनकी रही अहम भूमिका

पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक शहडोल डॉ. संजय कुमार अग्रवाल एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक दीवान के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी ब्यौहारी ऋषभ छारी के निर्देशन में की गई। इसमें थाना प्रभारी ब्यौहारी निरीक्षक जियाउल हक, थाना प्रभारी गोहपारू निरीक्षक राजकुमार मिश्रा सहित प्रधान आरक्षक रणबहादुर सिंह, दलवीर सिंह, दशरथ सिंह, आरक्षक गंगा सागर गुप्ता, अजीत यादव, संजय बैगा एवं विवेक सूर्या की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Post a Comment

0 Comments