मोहम्मद सईद
शहडोल 7 मई। शहडोल जिले में एक हृदय विदारक घटना सामने आई है। यहां एक किशोरी अपने छोटे भाई और बहन को लेकर खेत के पास स्थित कुएं में पहुंची और पल भर में उसने भाई और बहन का हाथ पकड़ कर कुएं में कूद गई। इस घटना में बहन और उसके छोटे भाई की मौत हो गई, जबकि दूसरी बहन बीमार हो गई थी। इलाज के बाद अब उसकी हालत सामान्य है। घटना जिले के सीधी थाना क्षेत्र अंतर्गत मंगलवार दोपहर बाद की है, लेकिन पुलिस को इसकी सूचना मंगलवार रात 9 बजी मिली।
घटना के संबंध में सीधी थाना प्रभारी राजकुमार मिश्रा ने बताया कि थाना क्षेत्र अंतर्गत।बनसुकली ग्राम में अंजू बैगा उम्र 19 वर्ष उसका भाई विकेश बैगा उम्र 8 वर्ष और छोटी बहन गोमती बैगा उम्र 9 वर्ष अपने बड़े पिताजी के घर पर रहती थी। अंजू बैगा के माता-पिता की मृत्यु 8 साल पूर्व हो चुकी है। थाना प्रभारी श्री मिश्रा ने बताया कि मंगलवार दोपहर लगभग दो बजे अंजू बैगा अपने छोटे भाई विकेश और बहन गोमती को लेकर पेड़ से पत्ती तोड़ने की बात कहकर घर से लगभग 3 किलोमीटर दूर स्थित अपने खेत ले गई। अंजू खेत के पास स्थित कुएं में पहुंची और भाई व बहन को अगल-बगल खड़ा कर लिया और जब तक दोनों कुछ समझ पाए उसने दोनों का हाथ पकड़ा और कुएं में कूद गई।
थाना प्रभारी श्री मिश्रा ने बताया कि तीनों कुएं में ही डूबते रहे लेकिन किसी को कोई खबर नहीं लगी। रात लगभग 9 बजे पुलिस को सूचना मिली की तीन लोग कुएं में डूबे हुए हैं। जिसके बाद थाना प्रभारी राजकुमार मिश्रा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और रात में ही रेस्क्यू शुरू किया गया। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से काफी मशक्कत के बाद रात लगभग 2 बजे तीनों को बाहर निकाला, जिसके बाद उनकी शिनाख्त हुई। जब इन्हें कुएं से बाहर निकाला गया तो अंजू बैगा और उसके भाई विकेश की मौत हो चुकी थी, जबकि गोमती की हालत खराब होने के कारण उसे तत्काल इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। उन्होंने बताया कि गोमती की हालत अब एकदम सही है।
थाना प्रभारी ने बताया कि सकुशल बची बहन से पूछताछ के बाद इस घटनाक्रम की जानकारी मिली। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक डॉक्टर और एफएसएल की टीम भी मौके पर पहुंची और उसने घटनास्थल का मुआयना किया। थाना प्रभारी श्री मिश्रा ने बताया कि घटना का कारण अभी अज्ञात है। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम किया है और विवेचना कर रही है।


0 Comments