Ticker

6/recent/ticker-posts

संजय गांधी थर्मल पावर में श्रमिक झुलसा

मोहम्मद सईद

शहडोल 23 अगस्त। संभाग अंतर्गत उमरिया जिले के बिरसिंहपुर पाली स्थित संजय गांधी थर्मल पावर प्लांट में हुए हादसे में एक ठेका श्रमिक बुरी तरह से झुलस गया। बताया जा रहा है की प्रबंधन की लापरवाही के चलते इस श्रमिक को नुकसान उठाना पड़ा है। घटना शुक्रवार की है। इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार बिरसिंहपुर पाली स्थित संजय गांधी थर्मल पावर प्लांट में बिना किसी वरिष्ठ अधिकारी की मौजूदगी और सुरक्षा नियमों की अनदेखी करते हुए 500 मेगावाट इकाई के 6.6/11 केवी पैनल में प्लांट असिस्टेंट रविकांत नामदेव द्वारा ठेका श्रमिक राजेन्द्र वर्मा से कार्य कराया जा रहा था। कार्य के दौरान अचानक ब्रेकर ब्लास्ट हो गया, जिससे ठेका श्रमिक राजेन्द्र वर्मा उम्र लगभग 48 वर्ष निवासी वार्ड क्रमांक 7 बिरसिंहपुर पाली गंभीर रूप से झुलस गया। ऐसी भी जानकारी लगी है कि इस घटना के बाद प्रबंधन ने हादसे में झुलसे हुए श्रमिक राजेंद्र वर्मा को पहले एमपीईबी अस्पताल में भर्ती कराया, फिर बिना स्पष्ट कारण बताए शहडोल रेफर कर दिया। लेकिन आधे रास्ते से ही उसे वापस फिर एमपीईबी अस्पताल ले आया गया। लेकिन कुछ देर बाद उसे फिर शहडोल ले जाया गया और एक निजी अस्पताल में भर्ती किया गया। इस हादसे के बाद संजय गांधी थर्मल पावर प्लांट प्रबंधन की कार्यशैली पर कई तरह के सवाल उठ रहे हैं। सबसे बड़ा सवाल तो यह है कि हादसे की सूचना पुलिस को तत्काल क्यों नहीं दी गई...?  एक सवाल यह भी उठ रहा है कि क्या इस हादसे के लिए जिम्मेदार अधिकारियों पर कोई कठोर कदम उठाया जाएगा।

दूसरी ओर श्रमिक संगठनों का कहना है कि संजय गांधी थर्मल पावर प्लांट में ठेका श्रमिकों के साथ सुरक्षा मानकों की खुलेआम धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। उनकी मांग है कि घायल श्रमिक को इलाज के साथ ही उचित मुआवजा प्रबंधन द्वारा दिया जाए। वही अपुष्ट सूत्रों से ऐसी भी जानकारी मिली है कि शनिवार को भी इसी तरह की एक घटना संजय गांधी पावर प्लांट में हुई है। इस घटना में भी एक श्रमिक बुरी तरह से झुलस गया। पावर प्लांट में ऐसी चर्चा व्याप्त थी कि इस श्रमिक को भी शहडोल ले जाकर इलाज कराया जा रहा है। लेकिन काफी खोजबीन करने के बाद भी अभी तक इस संबंध में वास्तविक जानकारी नहीं मिल पाई है।


Post a Comment

0 Comments