मोहम्मद सईद
शहडोल 11 अगस्त। विश्व हाथी दिवस के अवसर पर बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व प्रबंधन द्वारा वन्य जीव संरक्षण और हाथियों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से तीन दिवसीय कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम की शुरुआत 10 अगस्त से हुई, जिसमें स्कूली विद्यार्थियों के लिए विभिन्न रचनात्मक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इन प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करने के साथ-साथ हाथियों और वन्यजीव संरक्षण से जुड़े विषयों को भी करीब से समझा।
कार्यक्रम के प्रथम एवं द्वितीय दिवस 10 और 11 अगस्त को स्कूली बच्चों के लिए चित्रकला प्रतियोगिता, निबंध प्रतियोगिता एवं रंगोली प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। चित्रकला और रंगोली के माध्यम से बच्चों ने हाथियों के संरक्षण, जंगल और पर्यावरण के महत्व को रचनात्मक तरीके से प्रस्तुत किया, वहीं निबंध प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने हाथियों के संरक्षण तथा मानव-वन्यजीव सह-अस्तित्व जैसे विषयों पर अपने विचार व्यक्त किए। प्रधान मुख्य वन संरक्षक एवं मुख्य वन्य जीव अभिरक्षक मध्य प्रदेश भोपाल डॉ समीता राजोरा के मार्गदर्शन में विश्व हाथी दिवस 2026 के अवसर पर 12 अगस्त को इको सेंटर ताला में मुख्य कार्यक्रम आयोजित होगा। इसमें विभिन्न कार्यक्रमों के विजयी प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया जाएगा।
बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के क्षेत्र संचालक डॉ. अनुपम सहाय ने बताया कि उक्त सभी कार्यक्रमों का उद्देश्य मानव-हाथी साहचर्य का भाव बढ़ाते हुए छात्र-छात्राओं के माध्यम से ग्रामीणों को हाथियों से सुरक्षित रखने हेतू आवश्यक जानकारी प्रदान करना एवं जागरूक करना है। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिताओं के दौरान बच्चों को हाथियों के महत्व, उनके प्राकृतिक आवास तथा वन्यजीव संरक्षण में समाज की भूमिका के बारे में जानकारी दी गई।



0 Comments