Ticker

6/recent/ticker-posts

मंडल स्थाई वार्ता तंत्र बैठक में कई मुद्दों पर बनी सहमति

मोहम्मद सईद 

शहडोल 14 अगस्त। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के बिलासपुर मंडल में एकल मान्यता प्राप्त संगठन साउथ ईस्ट सेंट्रल रेलवे मजदूर कांग्रेस बिलासपुर के साथ दो दिवसीय मंडल स्थाई वार्ता तंत्र (पीएनएम) बैठक 13 एवं 14 अगस्त को संपन्न हुई। बैठक में रेलवे कर्मचारियों से जुड़े विभिन्न विभागों के मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की गई और कई महत्वपूर्ण समस्याओं के निराकरण के संबंध में निर्णय लिए गए।
बैठक में मुख्य अतिथि मंडल रेल प्रबंधक बिलासपुर राकेश रंजन रहे। अपर मंडल रेल प्रबंधक जे. एस. मीणा एवं के. श्रीनिवास की भी उपस्थिति रही। बिलासपुर रेल मंडल के सभी विभागों के प्रमुख अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों से संबंधित विषयों पर चर्चा में भाग लिया तथा संगठन द्वारा उठाई गई समस्याओं के समाधान की दिशा में आवश्यक निर्णय लिए। पीएनएम बैठक का सफल संचालन वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी डॉ. अंशुमन मिश्रा ने किया। 
मजदूर कांग्रेस की ओर से मंडल समन्वयक विजय अग्निहोत्री, जोनल कार्यकारी अध्यक्ष लक्ष्मण राव, संयुक्त महामंत्री बी. कृष्ण कुमार, केंद्रीय पदाधिकारी जी. एस. आइच, राजेश खोपारागड़े, डीडी. महेश, साईं किरण, शुभम उपाध्याय, अर्बन बैंक डॉयरेक्टर एवं रनिंग शाखा सचिव आर. के. यादव तथा महिला प्रतिनिधि पी. परमेश्वरी ने संगठन का नेतृत्व किया।
बैठक में बिलासपुर मंडल की विभिन्न शाखाओं के सचिवों ने अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याओं को प्रमुखता से रखा। दूसरे दिन सभी विभागों से संबंधित मुद्दों पर व्यापक चर्चा हुई और कर्मचारियों के हित में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।

इन प्रमुख मुद्दों पर बनी सहमति

पीएनएम बैठक में टीआरडी एवं इंजीनियरिंग विभाग में प्रत्येक इंचार्ज के पास ओटी (ओवरटाइम) रजिस्टर रखने का निर्णय लिया गया। रेलवे आवासों की मरम्मत एवं विकास कार्य डीआरएम के निर्देश तथा मान्यता प्राप्त मजदूर कांग्रेस के सुझाव एवं सर्वे रिपोर्ट के आधार पर कराए जाएंगे। री-डिप्लॉयमेंट एवं अन्य सेवा संबंधी मामलों में पीएनएम बैठक में लिए गए निर्णयों का अनिवार्य रूप से पालन सुनिश्चित करने पर सहमति बनी।
रनिंग कर्मचारियों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए उनके निराकरण के लिए विस्तृत चर्चा की गई। 120 किलोमीटर मीटिंग, स्थानांतरण, स्पाउस ग्राउंड, ऑन रिक्वेस्ट, प्रमोशन तथा डीपी/ट्रेनिंग से संबंधित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निराकृत करने का निर्णय लिया गया।

पीएनएम समाधान का प्रभावी मंच 

मजदूर कांग्रेस पदाधिकारियों ने कहा कि पीएनएम बैठक रेलवे कर्मचारियों की समस्याओं को सीधे प्रशासन के समक्ष रखने और उनके समाधान का प्रभावी मंच है। बैठक में हुए निर्णयों का समयबद्ध क्रियान्वयन होने से कर्मचारियों को सुविधाएं मिलेंगी तथा कार्यस्थल से जुड़ी समस्याओं के समाधान में तेजी आएगी। दो दिवसीय बैठक के सफल समापन पर संगठन पदाधिकारियों ने मंडल रेल प्रशासन एवं सभी विभागीय अधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त किया तथा कर्मचारी हित के मुद्दों पर आगे भी सकारात्मक एवं परिणाममुखी संवाद जारी रखने की बात कही।

Post a Comment

0 Comments