मोहम्मद सईद
शहडोल, 25 अगस्त। कमिश्नर शहडोल संभाग श्रीमती सुरभि गुप्ता ने कमिश्नर कार्यालय में जनसुनवाई कर आमजन की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को शिकायतों के त्वरित एवं निष्पक्ष निराकरण के निर्देश दिए। जनसुनवाई के दौरान शहडोल और अनूपपुर जिले से जुड़े कई महत्वपूर्ण मामले सामने आए।
शिक्षक के स्कूल नहीं आने की शिकायत
जनसुनवाई में शहडोल जिले के गोहपारू जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम पंचायत गोडारू के ग्रामीणों ने शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गोडारू में पदस्थ शिक्षक यशवंत सिंह के विरुद्ध शिकायत प्रस्तुत की। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि शिक्षक नियमित रूप से स्कूल नहीं आते हैं। उनके अनुसार, शिक्षक सप्ताह में केवल एक दिन विद्यालय पहुंचकर लगभग पांच मिनट रुकते हैं और सिर्फ हस्ताक्षर कर चले जाते हैं, जबकि उन्हें पूरा वेतन प्राप्त हो रहा है। ग्रामीणों ने कहा कि शिक्षक की कथित अनियमित उपस्थिति के कारण विद्यालय में बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। उन्होंने कमिश्नर से शिक्षक के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की। मामले को गंभीरता से लेते हुए कमिश्नर श्रीमती गुप्ता ने उपायुक्त, जनजातीय कार्य विभाग शहडोल संभाग को शिकायत की जांच करने के निर्देश दिए हैं।
7.50 लाख की पुलिया पर उठे सवाल
वहीं, अनूपपुर जिले के जैतहरी जनपद पंचायत क्षेत्र के ग्राम बीड के उप सरपंच राहुल टांडिया ने ग्राम पंचायत में कराए गए निर्माण कार्य को लेकर शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि ग्राम पंचायत बीड के बटका टोला से उजियारी पहुंच मार्ग पर पहले से ही एक आरसीसी पुलिया उपयोग में है। इसके बावजूद उसी स्थान से लगभग 30 मीटर पहले वर्ष 2023-24 में करीब 7.50 लाख रुपये की लागत से एक और आरसीसी पुलिया का निर्माण कराया गया।
उप सरपंच ने आरोप लगाया कि जिस स्थान पर नई पुलिया का निर्माण कराया गया, वहां इसकी आवश्यकता नहीं थी। साथ ही उन्होंने निर्माण कार्य को निम्न स्तरीय एवं गुणवत्ता विहीन बताते हुए ग्राम पंचायत बीड में कराए गए अन्य घटिया निर्माण कार्यों की भी जांच कराने और दोषी पाए जाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की। शिकायत पर कमिश्नर श्रीमती गुप्ता ने मामले की जांच के लिए मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत अनूपपुर को निर्देश दिए हैं।


0 Comments