Ticker

6/recent/ticker-posts

नए श्रम कानूनों पर मंथन, रेलवे अधिकारियों को मिला व्यावहारिक मार्गदर्शन


मोहम्मद सईद 
बिलासपुर 25 अगस्त। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के कार्मिक विभाग, मुख्यालय द्वारा एनईआई सभागृह, बिलासपुर में नए श्रम कानूनों जैसे महत्वपूर्ण एवं समसामयिक विषय पर विशेष कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे मुख्यालय एवं बिलासपुर मंडल के प्रधान विभागाध्यक्षों सहित बड़ी संख्या में अधिकारियों ने सहभागिता की।
कार्यशाला में दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के अपर महाप्रबंधक विजय कुमार साहू मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि डॉ. एच. श्रीनिवास (आईआरपीएस) ने मुख्य वक्ता के रूप में नए श्रम कानूनों के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से जानकारी दी।


कार्यक्रम की शुरुआत प्रधान मुख्य कार्मिक अधिकारी डॉ. दर्शनीता बी. अहलूवालिया द्वारा मुख्य वक्ता डॉ. एच. श्रीनिवास के स्वागत एवं अभिनंदन के साथ हुई। उन्होंने मुख्य अतिथि विजय कुमार साहू का भी स्वागत किया।
अपने स्वागत उद्बोधन में अपर महाप्रबंधक विजय कुमार साहू ने नए श्रम कानूनों की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि बदलते श्रम परिवेश में इन कानूनों की बेहतर समझ और उनके प्रावधानों की स्पष्ट जानकारी अधिकारियों के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कार्यशाला को वर्तमान संदर्भ में उपयोगी बताते हुए कहा कि इससे अधिकारियों को श्रम कानूनों के प्रभावी अनुपालन और व्यावहारिक पक्षों को समझने में मदद मिलेगी। उन्होंने विषय पर मार्गदर्शन प्रदान करने के लिए मुख्य वक्ता डॉ. एच. श्रीनिवास के प्रति आभार व्यक्त किया।

मुख्य वक्ता डॉ. एच. श्रीनिवास (आईआरपीएस) ने अपने विस्तृत संबोधन में नए श्रम कानूनों के प्रमुख प्रावधानों, मूल अवधारणाओं और उनके व्यावहारिक प्रभावों की जानकारी दी। उन्होंने जटिल कानूनी विषयों को सरल एवं सहज भाषा में समझाते हुए अधिकारियों के समक्ष विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं को स्पष्ट किया। कार्यशाला के दौरान प्रतिभागियों ने श्रम कानूनों से संबंधित अपनी जिज्ञासाएं एवं प्रश्न भी रखे, जिनका मुख्य वक्ता द्वारा विस्तारपूर्वक समाधान किया गया।
कार्यशाला में इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि नए श्रम कानूनों की सही समझ कार्मिक प्रशासन, कर्मचारी हितों तथा संस्थागत स्तर पर प्रभावी अनुपालन के लिए महत्वपूर्ण है। अधिकारियों को कानूनों के प्रावधानों को व्यवहार में लागू करने के दौरान आने वाली संभावित परिस्थितियों और उनसे जुड़े व्यावहारिक पहलुओं की जानकारी भी दी गई।
कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को नए श्रम कानूनों के विभिन्न पहलुओं से परिचित कराना, कानूनों की बेहतर समझ विकसित करना तथा उनके प्रभावी क्रियान्वयन को सुनिश्चित करने की दिशा में आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान करना रहा।
कार्यक्रम के अंत में कार्यशाला को सफल बनाने में योगदान देने वाले सभी अधिकारियों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। साथ ही, महत्वपूर्ण विषय पर उपयोगी एवं व्यावहारिक जानकारी प्रदान करने के लिए मुख्य वक्ता डॉ. एच. श्रीनिवास के प्रति विशेष धन्यवाद ज्ञापित किया गया।
इस कार्यशाला को दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे में श्रम कानूनों की समझ को मजबूत करने और कार्मिक प्रशासन को अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा जा रहा है।

Post a Comment

0 Comments